top of page

ज्योति रीता की कविताएँ

3 hours ago
8 min read




सुनो तानाशाह!


सुनो तानाशाह!

तुम इतिहास के पन्नों पर सुनहरे अक्षरों में लिखे जाओगे

तुम्हारा एक-एक कारनामा लिखा जाएगा


तुमने किस तरह बच्चों को घसीटा

लड़कियों के कपड़े फाड़े

उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

उनकी छाती पर बार-बार प्रहार किया

किसी के पेट में, किसी के पीछे डंडा घुसेड़ा


तुम इतने बौराए कि देश को सन्नाटे में तब्दील कर दिया 

तुम्हारे आदेश पर देश छावनी में तब्दील हो गया


देश के बच्चे तुम्हें आतंकवादी लगने लगे

उनके नारे तुम्हारे कानों को कर्कश लगने लगे


जिन बच्चों से तुम्हें बातचीत करनी चाहिए थी 

जिन बच्चों के बीच तुम्हें शांतिपूर्वक बैठना चाहिए था 

जिनके लिए तुम्हें भोजन और पानी तैयार करना था 

उनके लिए तुमने सेनाओं को तैयार किया


ये दुधमुँहे मासूम बच्चे तुम्हारा क्या बिगाड़ लेते

तुमने ही इन्हें सड़क पर बार-बार उतरने के लिए मजबूर किया है


तुम्हारे लाठी-डंडों से इनका भय समाप्त हो गया है 

जेल की दीवारें भी इन्हें परेशान नहीं करेंगी


ये अपनी माँ के आँचल से निकले हुए भगत सिंह, चंद्रशेखर आज़ाद और झाँसी की रानी की तरह दिखने लगे हैं


तुमने आम इंसान के वोट के अधिकार को छीनकर रेवड़ी में तब्दील कर दिया 

छोले-भटूरे की तरह उनकी आवाज़ को तुम लगातार चबाते रहे


तुम्हारे पास इन्हें रोकने की कोई और तरक़ीब है तो उसका इस्तेमाल करो

ये नाज़ुक़ हैं परंतु इरादों के पक्के मालूम पड़ते हैं


तुम अपनी कुर्सी को थोड़ा और मज़बूत करो 

या फिर कुर्सी समेत किसी और ग्रह को चले जाओ

यहाँ की आबोहवा तुम्हारे लिए माकूल नहीं लगती


कुर्सी की भूख और सत्ता में बने रहने की लालसा ने तुम्हें क्रूर बना दिया है

मुझे तुम पर तरस आता है


तुम्हें प्रेम की भाषा समझ नहीं आती 

तुम्हें फूलों की भाषा समझ नहीं आती


सुनो तानाशाह!

यह अहंकार तुम्हें चिर निराशा की ओर ले जाएगा 

इतिहास तुम्हें हमेशा के लिए याद रखेगा

तुम्हें याद करते हुए पीढ़ी-दर-पीढ़ी की मुट्ठियाँ भिंच जाएँगी

तुमने देश के सीने पर एक साथ कई कीलें ठोक दी हैं।



विश्वगुरु के देश में


मृत्यु महज़ एक सूचना है

एक मृत्यु न जाने कितने सपनों को लील लेती है


यह सूचना मिलते ही 

किस तरह की अफ़रा-तफ़री मची होगी

माँ अपने बच्चों को लाश में परिवर्तित होते कैसे देख रही होगी

पिता को दिन में ही कुछ दिखाई नहीं दे रहा होगा

बहन नाक पर रूमाल रखकर भाई की पहचान कर रही होगी


कितना क्रूर समय है

बस एक इमारत नहीं गिरी थी

कई घर एक साथ भड़भड़ाकर गिर गए थे 

उनके सारे सपने मलबे के नीचे दब गए होंगे


सरकार बुलेटप्रूफ़ गाड़ी से संवेदना ज़ाहिर करने के लिए आ रही है

एम्बुलेंस को भी रोका गया है

उनके रास्ते में कोई रुकावट नहीं आनी चाहिए


किस मुँह से मिलते होंगे उन माँ-बाप से जिनके बच्चों के ये हत्यारे हैं

सुना है—वहाँ एक मंदिर भी खड़ा है‌

विश्वगुरु के देश में इस तरह हो जाती है दिमाग़ी नक्सलों की हत्या

पल-पल टूटती साँसों के बीच रेस्क्यू अभी जारी है।।



हक़ या देशद्रोह


देखो, तुम चुप रहना।


सत्ता तुम्हें जैसी हवा दे रही है, संतुलन बना लो

जैसा पानी दे रही है, पीकर जीना सीखो

जैसा भोजन मिल रहा है, उसे खा लो


बच्चों के भविष्य पर भी सवाल मत करो 

वह जैसा सिस्टम तैयार कर रही है, बस तुम उसका हिस्सा बनते जाओ 

रोज़गार के नाम पर चींटी की तरह रेंगो परंतु कुछ बोलो मत। 


तुम्हारा बोलना देशद्रोह कहलाएगा


तुम जब हक़ की बात करोगे, तो कुचल दिए जाओगे

तुम पर कई तरह के प्रहार किए जाएँगे


जो तुम्हारी सुरक्षा की शपथ लेते हैं 

वही लोग तुम्हें चोटिल करेंगे

तुम्हें तब तक तोड़ेंगे 

जब तक तुम टूटकर फिर से रेंगने न लगो


अपने अंदर के दंभ को अगर बचा सको तो बचा लेना 

अगर रीढ़ की हड्डी सीधी रख सको तो रख लेना

परंतु जीभ को तकलीफ़ मत देना


तुम कहोगे—हक़

उनका जवाब होगा—देशद्रोह!



लोकतंत्र


तुम बोलो

तुम तब तक बोलो

जब तक उनके कान के पर्दे फट न जाएँ


तुम लिखो

तुम तब तक लिखो

जब तक कि उनका चेहरा स्याह न हो जाए


तुम हँसो

तुम तब तक हँसो

जब तक कि वे पागल न हो जाएँ


तुम नाचो

तुम तब तक नाचो

जब तक कि वे कुर्सी छोड़कर बाहर न निकल आएँ


तुम बेपरवाह हो जाओ

तुम तब तक बेपरवाह रहो

जब तक कि वे परवाह न करने लगें


तुम उम्मीद करो

तुम तब तक उम्मीद करो

जब तक कि वे नाउम्मीद न हो जाएँ


तुम सवाल करो

तुम तब तक सवाल करो

जब तक तुम्हें सही उत्तर न मिल जाए


तुम असहमति जताओ

तुम तब तक असहमति जताओ

जब तक कि तुम उनकी नीति से सहमत न हो जाओ


तुम संघर्ष करो

तुम तब तक संघर्ष करो

जब तक कि तुम सही मंज़िल न प्राप्त कर लो


तुम अपनी मुट्ठी बाँधकर प्रतिरोध दर्ज करो

तुम तब तक प्रतिरोध करो

जब तक कि तुम्हें तुम्हारा हक़ नहीं मिल जाता


तुम लोकतंत्र हो

तुमसे ही यह देश है

तुम अहिंसक होकर देश बचाने सड़क पर निकले हो


यह संसद तुम्हारी है

इस संसद में बैठे लोग तुम्हारे कामगार हैं

उनके हिस्से की रोटी तुम पकाते हो


तुम अपने पाँव की धमक तब तक बरकरार रखो

जब तक उनकी कुर्सी हिल न जाए।



यह हमारे देश का किसलय काल है


बहुत दिनों के बाद हमारी नींद खुली है

बहुत दिनों के बाद हमने बोलना सीख लिया है

बहुत दिनों के बाद हम सवाल कर पा रहे हैं


हम अपने अधिकार के लिए सड़कों पर खड़े हैं

ये चीख़ते हुए युवा इस बात के गवाह हैं कि वे ज़िंदा हैं

ये नारे लगाते युवा देशद्रोही नहीं

देश को बचाने सड़कों पर उतरे हैं


उनकी ठसक से कुर्सी हिली हुई है

कहीं शरीर में झुनझुरी उठ रही होगी


धर्म की पताका हाथों में देकर युवाओं के मुँह से जीभ खींच लेने वाले हाथ काँप रहे होंगे 

उनके ललाट पर पसीने की कई बूँदें उभर आई होंगी

वे भूखे युवाओं के भोजन का ग्रास निगलकर पचा रहे होंगे


यह समय सड़कों पर निकल जाने का है

अपनी सारी ताक़त निचोड़कर अमलतास का फूल हाथ में लिए निकल जाओ


ऐसे समय में प्रेम के गीत गाना मत भूलना

थामे रहना एक-दूसरे का हाथ

अपने कंधों को समानांतर रखना


संविधान की पोथी हाथ में लिए रहना

याद करना तुम अंबेडकर

याद करना तुम गांधी


यह देश, यहाँ की हवा और पानी हम सबके लिए है

एक भूखे व्यक्ति से सत्ता डर जाती है

तुम्हारे क्रोध से भी सत्ता डरती है

तुम हाथ में तिरंगा थामकर आगे बढ़ते हुए अपनी पेशानी को शांत रखना


यह देश उबल रहा है

यहाँ कई ज़िंदा लोगों को दी जा सकती है—तिलांजलि

तिहत्तर तरीकों से किया जा सकता है मोहभंग


अब संसद सुनना चाहती है तुम्हारे क़दमों की धमक


मैं अपनी बंद मुट्ठी को भेज रही हूँ

सड़कों पर चलने वालो, तुम्हें लाल सलाम


मैं अपनी कोठरी से शब्दों की ताक़त भेज रही हूँ

मैं तुम्हें अपने हिस्से का प्रेम भेज रही हूँ


यह हमारे देश का किसलय काल है।।



जो औरतें नहीं जा सकीं जंतर-मंतर


जो औरतें नहीं जा सकीं जंतर-मंतर

वे औरतें घर से ही लड़ती रहीं अपनी लड़ाई

वे तुम्हारी सलामती की दुआ करती रहीं

खोजती रहीं वह रास्ता

जिससे होकर वे पहुँच सकती थीं दिल्ली


उन्होंने भी भूखे रहकर भूख को महसूस किया

और कभी-कभी किया आधा पेट भोजन

बहुत प्यास लगने पर पिया घूँट-घूँट पानी

और उस प्यास को शिद्दत से महसूस किया


वे औरतें भी क्रांतिकारी थीं

उन्हें करने थे घर भर के सारे काम

समय से भेजना था बच्चों को स्कूल

पकाना था सबके लिए भोजन

और करनी थी घर भर की सफाई


काम पर जाते हुए

काम पर रहते हुए

काम से लौटते हुए

उन्होंने सिर्फ़ तुम्हारी सलामती चाही


उन औरतों ने कभी कोई नारे नहीं लगाए

न ही ऊँची की अपनी आवाज़

पानी का गिलास दरवाज़े के पीछे से देकर

घर को बचाए रखने वाली वे औरतें

घूँघट के अंदर से गुनगुनाती हैं पाश के गीत

और पढ़ती हैं इंक़लाबी कविताएँ


वे औरतें

दूर किसी खेत की पगडंडी से

तुम्हें भेज रही हैं अपना लाल सलाम।



यह मृत्यु का समय है


यह मृत्यु का समय है

मृत्यु मुँह खोल कर निवाला चाहती है


मृत्यु के मुँह को स्वाद लग चुका है

वह रोज़ नए स्वाद के लिए तैयार रहती है

उसकी थाली में रोज़ नए व्यंजन परोसे जा रहे हैं

वह भूख से बिलबिलाती है, उससे पहले भोजन तैयार होता है


भूख लगने का कारण कुछ भी हो सकता है

परंतु 

हर परिस्थिति में उसे चाहिए बस पेट भर भोजन


फ़िलवक़्त मृत्यु को मांस, मज्जा, रक्त की प्यास है

हम किसी भी वक़्त ग्रास बन सकते हैं


यह मृत्यु का स्वर्ण युग है


हमारी सावधानी भी हमें बचा पाएगी

इसका कोई मनोनुकूल उत्तर किसी के पास नहीं है


हम केरल के सुगंधित मसालों का लेप लगाकर

ख़ुद को तैयार रखें

वह हमारे प्राण और रक्त से कभी भी अपनी भूख और प्यास बुझा सकती है


यह शोक का समय है


हाथ में सफ़ेद फूल लेकर

हम शोकसभा के आदी हो चुके हैं।



उम्मीद की कविता


एक दिन सबकी दुनिया बदलेगी 

हरसिंगार के फूल से नहाएंगी सड़कें 

रसोई के पकवानों से घर महक उठेगा


बच्चों की किलकारियों से गूँजेगा वातावरण 

युवाओं के हाथ में नहीं होगी कोई धर्म-ध्वजा

लड़कियाँ नीम-अँधेरे भी सड़कों पर बेबाक चहल-क़दमी करेंगी


बच्चों का स्कूल मंदिर-मस्जिद से ज़्यादा ऊँचा होगा

शिक्षा की नींव हर नींव से गहरी होगी

पढ़ता हुआ हर बच्चा तथागत होगा


बीमार व्यक्ति के कराहने से डाॅक्टर की नींद बाधित होगी

अस्पताल में इलाज के बदले शुक्रिया की रसीद काटी जाएगी

दुनिया के सभी काम उस दिन स्थगित रहेंगे 


एक दिन सिद्धार्थ महल के बाहर घूमने निकलेगा

संसार के दुःखों को देखकर महल त्याग देगा

संसार के सारे दुःखों को बुद्ध निगल जाएगा


बुद्ध की शरण में आए लोग बंदूक़ में गोली की जगह फूलों की पंखुड़ियां डालेंगे

बंदूक़ के सभी कारखाने बंद कर दिए जाएंगे 

फैक्ट्री से चमेली के फूलों की गंध उठेगी


हम सभी झगड़ों को गुलाब के फूल देकर सुलझाएंगे

हमारे माथे पर चस्पा जातियाॅं मिट जाएंगी 

हम एक ही कुएँ और एक ही घड़े से पानी पिएंगे 


प्रेमी के हाथ में फूल देखकर कोई उसका हाथ नहीं मरोड़ेगा

दुनिया के तमाम फूल उन दोनों के पैरों तले बिछ जाएंगे

उनके ललाट पर भविष्य की रेखाएँ उभर आएंगी


घर से निकलते हुए हम लौट आने की चिंता से बेफ़िक्र होंगे

स्त्रियों को कार्यक्षेत्र में सहकर्मी के रूप में देखा जाएगा

हमारी किसी से कोई प्रतियोगिता नहीं होगी


एक ही दरवाज़े से नमाज़ और कीर्तन के स्वर उठेंगे

ईद और दशहरा हम आपस में मिलकर मनाएंगे

हम साथ मिलकर देश और विकास के मसले पर बात करेंगे


कवि बिना डरे प्रतिरोध लिखेगा

उसकी कविता उसके कंधे पर झोले में लटकी बारूद होगी

कवि सत्ता के दरबार का चारण नहीं होगा


सच को न्याय माँगने के लिए सड़कों पर नंगा नहीं होना पड़ेगा 

सच की आवाज़ का डंका सबसे ऊँचा बजेगा

तिरंगे की शान के आगे कोई और पताका नहीं ठहरेगी


वर्दी सिर्फ़ सच को बचाने के लिए सड़क पर उतरेगी

वर्दी उसकी सुनेगी जो न्याय का अधिकारी होगा

वर्दी उन्हें रौंदने से पहले उनके हाथ में फूल रखेगी


न्याय का तराजू हमेशा सच की तरफ झुका रहेगा

न्याय की देवी की ऑंखों से काली पट्टी खोल दी जाएगी

न्याय की अदालत में सभी एक समान खड़े होंगे


राजा अपनी कुर्सी त्यागकर आम जनता के बीच दरी पर बैठेगा

राजा वही खाएगा जो पंक्ति के आख़िर में खड़े लोग खाएंगे 

वह किसान के साथ खेत में उतरकर धान रोपेगा


उस दिन कवि आश्वस्त होकर

अपनी क़लम को सुस्ताने की सलाह देगा।।


गोल चक्कर वेब पत्रिका अत्यंत सीमित संसाधनों से चल रही है। इस वेबसाइट के संचालन में आर्थिक सहयोग देने हेतु दिए गए क्यू आर कोड का उपयोग करें :


ज्योति रीता युवा कवयित्री हैं। कविता संकलन :  मैं थिगली में लिपटी थेर हूॅं (2022), अतिरिक्त दरवाज़ा (2025)। ईमेल : jyotimam2012@gmail.com

गोल चक्कर पर उनका अन्य प्रकाशित काम देखिए : ज्योति रीता



Comments


bottom of page