गार्गी मिश्रा की कविताएँ

पान घर
(एक शहर के लिए)
गंगा के बयार की सीलन ओढ़े
इस तंग गली के नुक्कड़ पर
सलीके से टँगी है लकड़ी की एक अलमारी
जहाँ मघा और सांची के भीगे पत्तों पर
पूरे बनारस का मिज़ाज साँस लेता है
यहीं मिलती है कत्थे की लाली
चूने की ठंडक और ताँबे की तश्तरी
में चुपचाप बैठा वक़्त
यहाँ कायनात का सारा हिसाब
सरौते की एक ‘कट’ से खुलता है
सुपारी का टुकड़ा उछलता है हवा में
और साथ ही उछलती है दिल्ली की हुकूमत
लंदन का मौसम और मुहल्ले के
फलाने की ढलती हुई साख
एक बुजुर्ग खँखारते हैं
धोती की फेंट संभालते हुए तख्त पर बैठते हैं
"अरे गुरु! ई देस त एकदम पटरी से उतर गयल"
और फिर पान के गरारे में
जम्हूरियत की सारी खामियाँ गुनगुना दी जाती है
बगल में खड़ा एक लौंडा
कनखियों से देखता है पान घर का धुँधला आईना
कनपटी के बाल सँवारता है
होंठों पर जर्दे की सुरसुरी है
सीने में किसी शोख़ नजर का ख़ौफ़ और ख़ुमार
उसे वजीर-ए-आज़म की कुर्सी से क्या लेना-देना?
उसकी सल्तनत तो बस उस मोड़ तक है
जहाँ से शाम को कोई दुपट्टा लहराते हुए गुज़रता है
एक खिलखिलाहट फूटती है
जैसे मर्तबान से पिपरमेंट की मीठी खुशबू छलक गई हो
यहाँ मौत भी अजनबी नहीं
और ज़िन्दगी कोई मसला नहीं
इंसानियत यहाँ किसी किताब का नाम नहीं
बस एक गिलौरी में दबा हुआ भरोसा है
कि जब तक कत्था है, जर्दा है, गंगा की धार है
तब तक हर फजीहत के बाद भी
ठसक अपनी जगह सलामत है
घंट-घड़ियाल गूँजते हैं दूर किसी घाट पर
दुकान का पीला बल्ब झपकता है
ज़िंदगी का सारा रस सिमट आता है
उस चिकने पत्ते की गोद में
जहाँ दुनिया हारती रहती है
और बनारस
इलायची की दाना-दाना खुशबू चबाता हुआ
अमर होने की हँसी हँसता है।
नाकामी
(ख़्वाब देखने वाले के लिए)
नाकामी
एक कफ़न पहनाने वाले की तरह आती है
अपने साथ गीले नमक से भरा हुआ
एक संदूक लेकर
तुम उस संदूक के सीने पर सिर रखकर रोते हो
यह सोचकर कि यह तुम्हारी सबसे ख़ूबसूरत
इमारत की मौत है
तुम्हारी सात सालों की मेहनत का मलबे में बदल जाना
और तुम्हारे कमरे से खारे पानी का टपकना
और तभी से खिड़की के शीशों पर
नमक की एक ऐसी लिखावट जमती जाती है
जो तुम्हारे अगले सफ़र का नक़्शा तैयार करती है
इससे पहले कि तुम ग़म के समंदर में
छलाँग लगा कर जान देने का ख़याल करो
तुम्हें मालूम होना चाहिए
नदी कभी पहाड़ों पर हुक्म नहीं चलाती
वह सिर्फ़ चट्टानों से रिसती रहती है
जब तक कि पत्थर को याद न आ जाए कि वह भी कभी पानी ही था
सुबह की लगाम कभी तुम्हारे हाथों में थी ही नहीं
ये घोड़े तो उस पुरानी चाबी पर दौड़ रहे हैं
जो बहुत पहले किसी ने घुमाई थी
यहाँ एक दरवाज़ा ज़ोर से बंद होता है
और कहीं बहुत दूर
किसी पुराने पेड़ के तने में
एक ताँबे की चाबी अपने आप घूम जाती है।
दरारों का नक्शा
(यक़ीन करने वालों के लिए)
एक चीनी मिट्टी का प्याला उस हाथ से छूट कर गिरता है
जिस पर तुम्हें सबसे ज़्यादा भरोसा था
और लकड़ी के फ़र्श पर ठीक उन्नीस टुकड़ों में बिखर जाता है
तुम प्यार के इस अधूरेपन को कोसने के लिए
घुटनों के बल बैठते हो
मगर ज़रा पास से देखो: टूटे हुए काँच की तह में
एक नक्शे की नीली हल्की लकीरें चमक रही हैं
जिन्हें तीन सर्दियाँ पहले
किसी बुख़ार में तुमने खुद खींचा था
और फिर भूल गए थे
तश्तरी को गिराने वाले हाथ का इरादा
कोई रास्ता बनाने का नहीं था
फिर भी ये दरारें सीधे उस वीरान स्टेशन की तरफ इशारा करती हैं
जहाँ की आखिरी ट्रेन अपनी पटरियाँ पहले ही जला चुकी है
हम गाड़ी के पहिये को तब तक भींचे रहते हैं
जब तक उँगलियाँ सफ़ेद न पड़ जाएँ
इसी सोच में कि मौसम हमारे बस में है
मगर मौसम तो खुद इंजन के भीतर चुपचाप साँस ले रहा है
यहाँ कुछ भी ऐसा नहीं टूटा
जो पहले से ही रोशनी के लिए प्यासा न था
हर धोखा असल में एक खुला हुआ पुराना दरवाज़ा है
जो तुम्हें यह दिखाने के लिए खुलता है
कि यह बाग़ कभी तुम्हारी फसल के लिए था ही नहीं।
बची हुई रोटियों की दावत
(दोस्तों के लिए)
उसने पचास दोस्तों के लिए एक दावत रखी
मगर वे चुपके से चम्मच समेट कर
पिछले दरवाज़े से निकल गए और मोमबत्तियाँ जलती छोड़ गए
वह उस ठंडे खाने और जूठन के साथ अकेला बैठा रहा
और लोगों की बेरुखी पर अपना दिल जलाता रहा
जाने वालों ने जो दरवाज़ा खुला छोड़ दिया था
उस रास्ते से लाल लोमड़ियों का एक झुंड अंदर आया
जिनके बदन से गीले जंगल और सर्दी की महक आ रही थी
वे उन कुर्सियों पर बैठ गईं और उन्होंने
उसकी तरफ उन आँखों से देखा
जिनमें सदियों की बारिशों की दास्तान थी
सब कुछ अपने हाथ में रखना उस मेज़बान का वहम था
जो भूल गया था कि सारी मेज़ें आखिरकार खुले जंगल की ही होती हैं
उस दावत का बिगड़ना तो महज़ एक बहाना था
ताकि अंधेरे में किसी बहुत पुरानी
बेआवाज़ भूख को खाना मिल सके?
काली चाबियों का साज़
(साज़िंदे के लिए)
वह कीड़ों के कुतरे हुए जामुनी मख़मल के कफ़न तले दबा रखा है
उस कोने में जहाँ फ़र्श के तख़्ते नदी की ओर झुक जाते हैं
उस कमरे में धूप कभी पूरी नहीं उतरती
वह नमक चढ़े शीशे से छनकर यूँ आती है
जैसे सन के कपड़े पर चाय छलक गई हो
और उन पीतल की चिटखनियों पर ठहर जाती है
जिनके छोटे, चबाए हुए दाँतों के इर्द-गिर्द हरा ज़ंग जम चुका है
अब इसे कोई दोनों हाथों से नहीं बजाता
बल्कि रात की सर्द हवा
खिड़की की सूखी दरार से अंदर सरकती है
और पीछे से धौंकनी को सहलाती है
जैसे कोई अदृश्य सीना फैल रहा हो
नदी के कोहरे को साँसों में खींचते हुए
इक गूँज शाया होती है
जो सुर कम और उस परिंदे या जानवर जैसी ज़्यादा लगती है
जो पानी का नाम याद करने की कोशिश में तड़प रहा हो
शाम ढले जब मकान अपनी बुनियादों में सिमटने लगता है
तो पीतल की पत्तियाँ बिना छुए ही थरथराने लगती हैं
राग भैरवी में एक धीमी
सीने की घुटती हुई कराह
कोई सुर जो अपनी जगह से उखड़कर गाने लगा हो
तराने में नहीं बल्कि ऐसी टीस के साथ
जो दीवार पर सायों को मरोड़ देती है
एक आवाज़ कानों में पड़ती है
अब इसकी देख-भाल कौन करता होगा?
बस एक तन्हा मकड़ी जो सफ़ेद कुंजियों के बीच धूसर झूले बुनती है
और शायद उस वीराने का सबसे ख़ामोश बाशिंदा
वह बूढ़ा रखवाला
जिसके पास कान नहीं सिर्फ़ काँपती हुई हथेलियाँ हैं
जो हर पतझड़ में मीठे बादाम के तेल से शीशम की लकड़ी पोंछता है
यह सोचकर कि वह किसी ऐसे छोटे ताबूत को चमका रहा है
जो कभी-कभार चुपके से सिसक उठता है
या शायद धूल ही इसकी मुहाफ़िज़ बन बैठी है
काली कुंजियों पर राख जैसा पाउडर बिछाती हुई
ताकि सर्दियों के पाले में चमड़ा चटक कर टूट न जाए
वह इसे दूर से कैसे देखता होगा ?
वह कमरे के दूसरे कोने में चुपचाप खड़ा रहता है
इतनी दूरी से कि उसकी परछाईं भी साज़ पर न पड़े
उसके लिए यह अब सिर्फ़ लकड़ी का कोई बाजा नहीं
बल्कि खोए हुए प्यार की एक खामोश मज़ार है
वह देखता है कि बिना किसी हाथ के चाबियाँ नीचे दबती हैं
और डरता है कि कहीं जाली के पीछे उसका दिल तो नहीं धड़क रहा
वह उस अधूरे गीत को सुनता है जो कभी पूरा नहीं हो पाया
और समझ नहीं पाता कि वह हारमोनियम उसे पुकार रहा है
या फिर ये राग मारवा की कोई बंदिश है जो कह रही है
कि अगर उसने साज़ को खोला
तो ये सारा दर्द उसे फिर से निगल जाएगा।
खिड़की की मुँडेर का हुनर
(घर की अ-पालतू बिल्ली के लिए)
मैं तुम्हें अपना ग़म सुनाती हूँ
और तुम ठंडे चीनी-मिट्टी और
परवानों के परों से सजी एक गहरी ख़ला खोलकर जम्हाई ले लेती हो
तुम मुझे सिखाती हो कि कैसे एक पूरी दोपहर को
मुँडेर से नीचे गिरा दिया जाए
बिना यह जाने कि वह कैसे टूटी
तुम्हारी पसलियों में
रंजिशों के लिए कोई दराज़ नहीं
बस एक ख़ाली कमरा है जहाँ हवा अपने चाँदी के नाख़ून तराशती है
"ढीला छोड़ दो,"
तुम्हारी कहकहाई पुतलियाँ सरगोशी करती हैं
और मेरी सबसे भारी फ़िक्रों को लकड़ी के फ़र्श पर सूखी पत्तियाँ बना देती हैं
जब मैं तुम्हारी इस ख़ामोशी को
किसी वादे के पिंजरे में क़ैद करना चाहती हूँ
तुम धूप और गर्द की एक तिरछी किरण बनकर हवा में घुल जाती हो।
ब्लैक कॉफ़ी
(ख़ुद के लिए)
चीनी-मिट्टी के इस छोटे से कुएँ में
वक़्त अपनी नब्ज़ काट चुका है
आसमान की कोख से रिसती
यह एक स्याह लावारिस ख़ला है
जिसकी सतह पर
किसी डूबते हुए सितारे का धुआँ तैर रहा है
भाप के पेच-ओ-ख़म में
वो चेहरे करवट बदलते हैं
जो अभी रूहों की नींद से जागे भी नहीं
कमरे की दीवारें
काँच की तरह पिघलकर बहने लगी हैं
और मेज़ के उस पार
मेरी ही एक पुरानी परछाईं बैठी है
अपनी उँगलियों से
सन्नाटे को परिंदों की तरह तराशती हुई
पहला घूँट
और ज़बान पर सदियों पुराना अंधेरा फैलता है
यह कड़वाहट नहीं
यह उन ख़्वाबों की राख का ज़ायक़ा है
जिन्हें हक़ीक़त की धूप ने जला दिया था
एक सर्द आग
जो सीने में उतरकर
ज़िंदगी और वहम के बीच की सरहद मिटा देती है
हम रोज़ इस काली दास्तान को पीते हैं
ताकि अपनी ही आँखों में झाँकने का हौसला कर सकें
मगर प्याले की गहरी तली में
कोई मुस्तक़बिल नहीं झाँकता
बस एक पुराना आईना है
जो उल्टा रखा हुआ है
कोई मिठास नहीं जो इस तिलिस्म को तोड़े
कोई सुबह नहीं जो इस स्याही को धो सके
वक़्त की सुइयाँ प्याले के गिर्द दायरा बनाकर ठहर गई हैं
और समझ नहीं आता
मैं इस गहरे अंधेरे को घूँट-घूँट पी रही हूँ
या यह ख़ामोश उबलती हुई रात
आहिस्ता-आहिस्ता मुझे पी रही है?
गोल चक्कर वेब पत्रिका अत्यंत सीमित संसाधनों से चल रही है। इस वेबसाइट के संचालन में आर्थिक सहयोग देने हेतु दिए गए क्यू आर कोड का उपयोग करें :

गार्गी मिश्र युवा कवि एवं गद्यकार हैं। कथादेश, पाखी, अहा ज़िंदगी, वनमाली कथा, सदानीरा, हिंदवी, समालोचन, सम्मुख, कृति बहुमत, मेरा रंग पत्रिकाओं में रचनाएँ प्रकाशित।
रज़ा युवा 2024 व एनडीटीवी क्रिएअटर्स मंच 2025 में बतौर वक्ता व कवि भागीदारी।
ईमेल : gargigautam07@gmail.com
%20(3).png)



Comments